खूंटी, 16 अक्टूबर। डेहकेला ग्राम स्थित मंदिर परिसर में नवरात्र के पावन अवसर पर शुक्रवार को सेवा भारती के नेतृत्व में 51 कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। इस दौरान कन्याओं को चुनरी ओढ़ाकर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और सामाजिक संस्कारों को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के गोविन्दपुर मंडल अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि कन्या पूजन सनातन संस्कृति, आस्था और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। हमारी परंपरा में कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप माना गया है। समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक बेटी को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
सेवा भारती के मुसाफिर विश्वकर्मा ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन भारतीय संस्कृति और संस्कारों को सुदृढ़ करते हैं। वहीं, गोविन्दपुर मंडल अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि नवरात्र शक्ति, भक्ति और सेवा का संदेश देता है।
मौके पर सरस्वती सिंह, रामलखन सिंह, संजय सिंह, जगन्नाथ साहू, गजेंद्र सिंह, नंदकुमार सिंह, आनंद साहू, नीतू देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
