खूंटी, 16 अक्टूबर। आगामी दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खूंटी पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस लाइन, खूंटी में पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को विशेष ब्रीफिंग देकर पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने कहा कि दुर्गा पूजा के समय पूजा पंडालों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
एसपी ने पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में छेड़खानी, अभद्र व्यवहार तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। पर्व के दौरान चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्ती प्रभावी बनाने तथा आभूषण दुकानों, बैंकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूजा पंडालों के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित कराने को कहा गया। इसके अलावा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच करने तथा अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
