mohanb

कोलकाता, 07 अक्टूबर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले गुरुवार, 8 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के दौरे पर आएंगे। दोनों संघ पदाधिकारी पूर्व बर्धमान के ‘उल्लास’ स्थित संघ कार्यालय में राज्य के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

संघ के दक्षिण बंगाल प्रांत प्रचार प्रमुख विप्लव रॉय ने बुधवार को बताया कि यह दौरा संघ के आंतरिक और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के लिए निर्धारित किया गया है। बर्धमान स्थित संघ कार्यालय में होने वाली बैठक सुबह नौ बजे शुरू होगी। बैठक में राज्य के संघ पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे।

संघ सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में संगठनात्मक ढांचे में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि मोहन भागवत और दत्तात्रेय होसबाले अपने दौरे के दौरान इन विषयों पर प्रमुखता से चर्चा करेंगे। बैठक के बाद सरसंघचालक बर्धमान विभाग के स्वयंसेवकों से भी मुलाकात करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मोहन भागवत गुरुवार दोपहर बाद वापस लौट जाएंगे। हालांकि, संघ की ओर से बैठक में चर्चा किए जाने वाले विषयों या संभावित संगठनात्मक बदलावों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

इस बीच, सरसंघचालक मोहन भागवत के दिसंबर में भी पश्चिम बंगाल आने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, वह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रस्तावित ‘लक्ष कंठ गीता पाठ’ कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इस दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात की भी संभावना है। हालांकि, दिसंबर के प्रस्तावित दौरे और कार्यक्रमों को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।