hh

पलामू, 07 अक्टूबर। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर पलामू की हुसैनाबाद पुलिस ने सुरक्षा का घेरा और कड़ा कर दिया है। बिहार सीमा से लेकर शहर के पूजा पंडालों और विसर्जन घाटों तक पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

इसी कड़ी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ल ने मंगलवार देर रात दंगवार पिकेट स्थित इंटरस्टेट चेकनाका का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार भी मौजूद रहे।

एसडीपीओ ने चेकनाका पर तैनात जवानों की ड्यूटी, वाहनों की जांच और निगरानी व्यवस्था को परखा। बिहार सीमा से सटे इस संवेदनशील मार्ग पर उन्होंने 24 घंटे विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

सीमावर्ती रास्तों पर नियमित गश्ती बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का भी निर्देश दिया।

इसके बाद एसडीपीओ शुक्ल ने हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

उन्होंने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और संभावित संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।

इसके अलावा प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित घाटों का भी निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों को विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखने को कहा गया।

शहरी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण करते हुए एसडीपीओ ने थाना प्रभारी को सभी कैमरों को दुरुस्त और लगातार चालू रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान पुलिस की निगरानी व्यवस्था मजबूत रहनी चाहिए।

अपराध नियंत्रण, संदिग्धों की पहचान और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहे।