सिलीगुड़ी, 04 अक्टूबर। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार रविवार को कोलकाता से बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे है। वह प्रशासनिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए सिक्किम जाने के क्रम में यह पहुंचे है।
बागडोगरा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री सुकांत मजूमदार ने ममता बनर्जी के पैर में लगी चोट की दोबारा जांच के मुद्दे पर कहा कि भाजपा पहले से ही इस मामले में सवाल उठाती रही है। उन्होंने दावा किया कि उस दिन पैर में फ्रैक्चर नहीं हुआ था। उनके अनुसार, पैर में मोच या चोट लग सकती है, लेकिन पैर टूटने की बात सही नहीं थी।
लोकसभा की स्थायी समिति से तृणमूल कांग्रेस सांसद डोला सेन और कीर्ति आजाद को हटाए जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्षी खेमे में दो हिस्से हो गए है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की समितियों का गठन मुख्य रूप से सदस्यों की संख्या के आधार पर होता है और स्पीकर तथा केंद्र सरकार की प्रक्रिया के अनुसार समितियों का गठन किया जाता है।
वहीं, उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय में लंबे समय से कुलपति का पद खाली रहने के मुद्दे पर सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह काफी पुरानी समस्या है और इस संबंध में शिक्षा मंत्री के साथ भी चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में राज्यपाल और राज्य सरकार के बीच हुए विवाद के कारण यह स्थिति पैदा हुई थी। उन्होंने कहा कि अब इस मामले में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट को बताया जाएगा कि केंद्र और राज्य के बीच इस मुद्दे पर कोई विवाद नहीं है।
