veg

खूंटी, 03 अक्टूबर। नाैवें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत जिला समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में शनिवार को समाहरणालय परिसर में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पोषण रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण कर लोगों को संतुलित आहार, कुपोषण उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और सुपोषित समाज के निर्माण में जनभागीदारी के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मियों ने पोषण शपथ ली। इसके बाद समाहरणालय परिसर में आंगनवाड़ी सेविकाओं की ओर से पोषण स्टॉल लगाया गया। स्टॉल में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाजों से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों के साथ हरे साग-सब्जियों एवं फलों को प्रदर्शित किया गया। उपायुक्त सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्टॉल का अवलोकन कर पौष्टिक खाद्य पदार्थों और स्थानीय साग-सब्जियों की उपयोगिता की जानकारी ली।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी सेविकाओं ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली। रैली बाजार टांड़ होते हुए प्रखंड कार्यालय, सदर खूंटी परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से संतुलित और पौष्टिक आहार अपनाने और पोषण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान जिले में विभिन्न विभागों और गैर सरकारी संगठनों के समन्वय से आंगनवाड़ी केंद्र स्तर पर कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें पोषण प्रदर्शनी, गोष्ठी, गोदभराई, अन्नप्राशन, व्यंजन प्रतियोगिता और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभुकों का निबंधन शामिल है। इन गतिविधियों के माध्यम से मातृ और शिशु स्वास्थ्य, पोषण और कुपोषण से बचाव को लेकर आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिशा कुजूर, सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग आनंद कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी तोरपा पूजा कुमारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस मनीषा सांचा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।