cameti

पश्चिमी सिंहभूम, 02 अक्टूबर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को चाईबासा स्थित कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रसेवा के उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया गया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के जरिए स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। सत्याग्रह, सामाजिक समरसता, सांप्रदायिक सद्भाव और सर्वधर्म समभाव को लेकर उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों की मिसाल कायम की। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी ने कहा कि वर्तमान समय में गांधी और शास्त्री के विचारों को व्यवहार में उतारने की जरूरत है। भाईचारा, समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना ही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजीत यादव, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सिकुर गोप, महिला नेत्री विजय लक्ष्मी सिंकु, सुनिता सिंकु, बुलबुल बिरुली, रजनीश बिरुवा, वरीय कांग्रेसी अशोक बारिक, मोहन सिंह हेमब्रम, राजेन्द्र कच्छप, लियोनर्ड बोदरा, राधा मोहन बनर्जी, सुरसेन टोपनो, राकेश सिंह, विक्रमदित्य सुंडी, युवा कांग्रेस जिला महासचिव गुलजार अंसारी, मंडल अध्यक्ष सोमा पुरती, महीप कुदादा, गोपाल बोदरा, मथुरा चाम्पिया, हेर बेदन बोदरा, लक्ष्मण मुण्डारी, श्याम लाल पुरती, विनोद खंडाईत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।–