पलामू, 30 सितंबर। पलामू जिले के मनातू के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मदन कुमार सुमन को सोशल मीडिया पर गोली मारने की धमकी दी गई है।
अंचल अधिकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्हें गोली मारने की बात लिखी गई है।
उन्होंने आशंका जताई कि धमकी जमीन विवाद से जुड़े एक मामले की न्यायिक सुनवाई को लेकर दी गई हो सकती है। गुरुवार को इस मामले में फिर सुनवाई होनी है।
बीडीओ-सीओ ने बुधवार को बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है और थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया जाएगा।
समाचार भेजे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। धमकी के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि मनातू क्षेत्र पहले भी नक्सली धमकियों के कारण चर्चा में रहा है। 2022-23 में तत्कालीन बीडीओ को टीएसपीसी संगठन की ओर से धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। इससे पहले 1995 में तत्कालीन बीडीओ भवनाथ झा को नक्सलियों से धमकी मिली थी और अगले ही दिन उनकी हत्या कर दी गई थी। मनातू का क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल प्रभावित और अफीम(डोडा) की खेती के लिए चर्चित रहा है और बिहार के गया व चतरा से सटा होने के कारण संवेदनशील माना जाता है।
