कोलकाता, 29 सितंबर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के कोलकाता स्थित कासबा आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई दुर्गापूजा के नाम पर कथित फर्जी पास बेचने और करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता के आरोपों की जांच के तहत की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इंद्रनील सेन और उनकी पत्नी की संस्था पर यूनेस्को के नाम का इस्तेमाल कर दुर्गापूजा परिक्रमा के कथित फर्जी पास बेचने का आरोप है। इसी मामले की जांच के सिलसिले में ईडी की टीम मंगलवार सुबह उनके कासबा स्थित घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
ईडी की कार्रवाई केवल पूर्व मंत्री के आवास तक सीमित नहीं है। उनकी संस्था के कार्यालय समेत कोलकाता के कई अन्य स्थानों पर भी एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बताया गया है कि ईडी की एक टीम हुगली स्थित इंद्रनील सेन के फार्महाउस में भी पहुंची है।
फिलहाल ईडी की ओर से तलाशी अभियान और आरोपों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
