पूर्वी सिंहभूम, 27 सितंबर । विश्व हृदय दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को जमशेदपुर में हृदय स्वास्थ्य को लेकर ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल, तामोलिया की ओर से आयोजित मेगा वॉकाथॉन में हजारों शहरवासियों ने हिस्सा लिया।
स्वस्थ हृदय के प्रति जागरूकता का संदेश को लेकर आयोजित वॉकाथॉन तड़के सुबह 6.30 बजे कीनन स्टेडियम के समीप से शुरू हुआ। वॉकाथॉन विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अस्पताल के सीनियर कार्डियक सर्जन डॉ परवेज आलम, वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ अजय कुमार अग्रवाल, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ मुकेश कुमार, किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी के मालिक अनीस अहमद और फैसिलिटी डायरेक्टर ए धर्मा राव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए केवल बीमारी के बाद इलाज ही नहीं, बल्कि पहले से ही जीवनशैली में सुधार और नियमित स्वास्थ्य जांच पर ध्यान देना जरूरी है।
डॉ परवेज आलम ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में असंतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और तनाव हृदय स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव पर नियंत्रण और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
मौके पर डॉ अजय कुमार अग्रवाल, डॉ अखलाक अहमद, डॉ मुकेश कुमार, डॉ संतोष गुप्ता, डॉ अमित कुमार, डॉ चंपlई सोरेन सहित अन्य ने भी प्रतिभागियों को हृदय रोग से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े सुझाव दिए।
वॉकाथॉन से पहले जुंबा सेशन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में हृदय स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों ने वॉकाथॉन में भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिला।
फैसिलिटी डायरेक्टर ए धर्मा ने आयोजन में सहयोग करने वाले किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी, बैंक ऑफ इंडिया, एलआईसी ऑफ इंडिया, सहित अन्य संस्थाओं के प्रति आभार जताया।
वॉकाथॉन में कॉरपोरेट जगत, मीडिया, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, क्लबों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
