gg

कोलकाता, 24 सितंबर ।

पश्चिम बंगाल में टोटो और ई-रिक्शा के परिचालन को लेकर परिवहन विभाग ने अब सख्त रुख अपनाया है। जीटी रोड समेत जिन प्रमुख मार्गों पर बसों का नियमित परिचालन होता है, उन रूटों पर अब टोटो या ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे। प्रतिबंधित मार्गों पर टोटो का परिचालन रोकने के लिए परिवहन विभाग ने पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

परिवहन विभाग ने गुरुवार को पुलिस प्रशासन को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जीटी रोड समेत बस रूट और अन्य प्रतिबंधित प्रमुख सड़कों पर टोटो का परिचालन तत्काल रोका जाए। विभाग के निर्देश के बाद जिलों में पुलिस और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि प्रतिबंधित सड़कों पर टोटो के चलने से यातायात जाम के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।

उल्लेखनीय परिवहन विभाग के प्रधान सचिव रवि इंदर सिंह ने इससे पहले अगस्त में राज्य पुलिस के डीजी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा था। पत्र में वर्ष 2014 की केंद्रीय गाइडलाइन का हवाला देते हुए बताया गया था कि ई-रिक्शा या टोटो का इस्तेमाल मुख्य रूप से ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’, यानी कम दूरी की यात्रा के लिए किया जाना है।

वहीं, वर्ष 2016 में राज्य परिवहन विभाग की ओर से निर्धारित स्थानीय सड़कों पर टोटो चलाने की अनुमति दी गई थी। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर टोटो के परिचालन को प्रतिबंधित किया गया था। इसके बावजूद अलग-अलग जिलों से शिकायतें मिल रही थीं कि प्रतिबंधित प्रमुख सड़कों पर टोटो यात्रियों को लेकर चल रहे हैं।

परिवहन विभाग ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिबंधित सड़कों की निगरानी करें और वहां टोटो का परिचालन बंद कराएं। खास तौर पर जीटी रोड पर टोटो के अवैध परिचालन को रोकने के लिए सख्ती बरतने को कहा गया है।

नियमों का उल्लंघन करने वाले टोटो चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल्स एक्ट, 1988 और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

परिवहन विभाग का कहना है कि पहले भी राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर टोटो के परिचालन को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई स्थानों पर उनका प्रभावी ढंग से पालन नहीं हो सका। अब पुलिस प्रशासन के माध्यम से इन निर्देशों को सख्ती से लागू कराने की तैयारी है।