नई दिल्ली, 24 सितंबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को एशियाई खेलों में भारतीय विजेताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, “एशियाई खेल 2026 में वुशू के महिलाओं के 60 किग्रा सांडा इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर रोशिबिना देवी नाओरेम, पुरुषों के डबल स्कल्स इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर सतनाम सिंह एवं सलमान खान और ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने पर भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को बहुत-बहुत बधाई। लगातार तीन एशियाई खेलों में तीन मेडल जीतना भारतीय वुशू के लिए एक शानदार उपलब्धि और ऐतिहासिक मील का पत्थर है। आपकी प्रेरणादायक यात्रा में ऐसे ही और भी गर्व के पल आते रहें। वहीं, सतनाम सिंह और सलमान खान का प्रदर्शन टीमवर्क, सहनशक्ति और कमिटमेंट की उस मजबूती को दिखाता है जिसकी रोइंग में जरूरत होती है। आप दोनों भविष्य में और भी बड़ी सफलताएं हासिल करें। यह सराहनीय उपलब्धि पुरुष बैडमिंटन टीम के दृढ़ संकल्प, सहनशक्ति और लड़ने के जज़्बे को दर्शाती है। इस गौरवपूर्ण सफलता में टीम के हर सदस्य ने अहम योगदान दिया। भविष्य के प्रयासों के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं।”
उप राष्ट्रपति ने कहा कि सतनाम और सलमान का पोडियम तक पहुंचना उनकी बेहतरीन टीमवर्क और सहनशक्ति को दिखाता है, वहीं रोशिबिना का लगातार तीसरा एशियन गेम्स मेडल जीतना भारतीय वुशु के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उम्मीद है कि वे देश के लिए आगे भी गर्व के कई और पल लेकर आएंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि रोशिबिना देवी की यह उपलब्धि भारत के लिए बेहद गर्व का क्षण है और एशियाई मंच पर उनके समर्पण, दृढ़ संकल्प और निरंतरता का प्रमाण है। वहीं पुरुषों के डबल स्कल्स रोइंग इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने वाले सतनाम और सलमान की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल, ताकत, लय तथा दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई और भारत के मेडल टैली में एक और मेडल जोड़ा। इस शानदार उपलब्धि के लिए सतनाम और सलमान को बधाई! वे इसी तरह प्रेरणा देते रहें और भारत का मान बढ़ाते रहें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नाओरेम रोशिबिना देवी लगातार तीन एशियाई खेलों में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय वुशू एथलीट बन गई हैं, जो उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन और दृढ़ संकल्प का एक शानदार उदाहरण है। उनका प्रदर्शन भारतीय एथलीटों की नई पीढ़ी को बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
