शव बरामद

 बोकारो, 17 सितंबर ।  बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के काशीझरिया निवासी कंकू गोप का शव पांच दिन बाद चंदनकियारी थाना क्षेत्र से बरामद हुआ है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कंकू गोप का सड़ा-गला शव दामूडीह पंचायत के शिमलकुड़ी गांव स्थित चढ़िया भीटा के पास खालिसा नदी के किनारे झाड़ियों से मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, कंकू गोप के पुत्र सुबोध गोप ने 12 सितंबर को चंदनकियारी के बरमसिया ओपी में लिखित आवेदन देकर पिता के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
सुबोध के अनुसार, 12 सितंबर को उनके पिता बरमसिया ओपी क्षेत्र के उरांवडीह गांव स्थित अपने ससुराल गए थे। इसके बाद से उनका पता नहीं चल पाया।
परिजन लगातार कंकू गोप की तलाश कर रहे थे। इसी बीच दामूडीह पंचायत के शिमलकुड़ी गांव के चढ़िया भीटा के पास खालिसा नदी किनारे झाड़ियों में उनका शव बरामद किया गया।
शव की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल कंकू गोप की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत का कारण अंन्तपरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।