रांची, 17 सितंबर । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों ने भगवान विश्वकर्मा से राज्यवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर सभी राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की कृपा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि आने तथा श्रम, कौशल और सृजन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की कामना की।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी विश्वकर्मा पूजा पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगवान विश्वकर्मा की कृपा से हर उस हाथ को सम्मान, शक्ति और सफलता मिले, जो अपने श्रम, हुनर, मेहनत और लगन से परिवार, समाज, राज्य और देश के निर्माण में योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सभी को श्रम और सृजन के प्रति सम्मान का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने परिश्रम और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समृद्ध एवं सशक्त झारखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की और अपने संदेश का समापन ‘जोहार’ के साथ किया।
