कोलकाता, 16 सितंबर । पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार रात राज्य के 171 सरकारी कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्षों के नामों की नई सूची जारी की है। सूची में भाजपा के कई प्रमुख नेताओं को कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी का अध्यक्ष बनाया गया है। इससे कॉलेज प्रशासन को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखने के सरकार के उद्देश्य को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है।
गवर्निंग बॉडी की पहली सूची में भाजपा के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। अब जारी दूसरी सूची में पार्टी के कई वरिष्ठ और प्रमुख नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विश्वविद्यालय एवं कॉलेज कानून, 2017 के प्रावधानों के तहत इस संबंध में अधिसूचना जारी की। सूची में कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, बर्दवान, बांकुड़ा, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और दार्जिलिंग समेत विभिन्न जिलों के कुल 171 कॉलेज शामिल हैं।
नई सूची के अनुसार भाजपा नेता तमोघ्न घोष को सुरेंद्रनाथ कॉलेज की गवर्निंग बॉडी का अध्यक्ष बनाया गया है। सायंतन बसु को भांगड़ महाविद्यालय, बिमलशंकर नंद को चारुचंद्र कॉलेज और शिशिर बाजोरिया को आचार्य जगदीशचंद्र बोस कॉलेज की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह मीना देवी पुरोहित को सावित्री गर्ल्स कॉलेज, अंजना बसु को बंगाल म्यूजिक कॉलेज और भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी को सम्मिलनी महाविद्यालय की गवर्निंग बॉडी का अध्यक्ष बनाया गया है।
इससे पहले अगस्त में 247 कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्षों की सूची जारी की गई थी। उस सूची में भी भाजपा के कई मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के नाम शामिल थे।
गवर्निंग बॉडी में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की भी चर्चा हो रही है। उस दौरान भी सत्तारूढ़ दल के सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और पार्षदों को विभिन्न कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी का अध्यक्ष बनाया गया था। पूर्व मंत्री शशि पांजा पांच कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी की अध्यक्ष रह चुकी हैं।
नई सूची के साथ भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी में सत्तारूढ़ दल से जुड़े नेताओं और जनप्रतिनिधियों की नियुक्ति का सिलसिला जारी रहने की तस्वीर सामने आई है।
