v

आसनसोल, 15 सितंबर ।

शनिवार से सालानपुर-बाराबनी क्षेत्र में मिनी बस मालिकों और चालकों की दो दिनों की हड़ताल के बाद मंगलवार को स्थिति सामान्य हुई। सोमवार को आसनसोल की बस परिसेवा पर भी हड़ताल का असर देखा गया था। बस परिसेवा प्रभावित होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई।

समस्या के समाधान के लिए सोमवार देर रात आसनसोल सर्किट हाउस में आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक तथा राज्य कमेटी के सदस्य कृष्णेंदु मुखर्जी की पहल पर महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक में डीसी ट्रैफिक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) मृण्मय मजूमदार, नगर निगम के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से मिनी बस मालिकों, चालकों और संबंधित संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद बस परिसेवा को दोबारा चालू करने पर सहमति बनी और मंगलवार सुबह से मिनी बस परिसेवा फिर से सुचारू हो गई।

आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन के सुदीप रॉय ने बताया कि आसनसोल, बाराबनी, रानीगंज, बर्नपुर और बाराबनी महकमा क्षेत्र में मिनी बसों के करीब 180 रूट हैं। इनमें से लगभग 60 रूटों पर बसों का परिचालन अब बंद हो चुका है। उन्होंने कहा कि इन रूटों पर लगातार बढ़ता टोटो परिचालन बस मालिकों और चालकों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।

सुदीप रॉय के अनुसार, हाल के दिनों में बाराबनी क्षेत्र में चालकों के विरोध प्रदर्शन के बाद बस मालिकों और चालकों ने पुलिस प्रशासन के साथ बैठक की थी। बैठक में यह बात सामने आई कि कई इलाकों में सुबह पांच बजे से ही टोटो का परिचालन शुरू हो जाता है। इसके कारण मिनी बसों के निर्धारित रूट पर यात्रियों की संख्या प्रभावित हो रही है और बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। इससे बस मालिकों के साथ-साथ चालकों और अन्य कर्मचारियों को भी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बसों का परिचालन लगातार नुकसान में करना मालिकों के लिए संभव नहीं है। वहीं, इसका सीधा असर बस कर्मचारियों के हितों पर भी पड़ रहा है। बस परिसेवा को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए टोटो के परिचालन और रूट व्यवस्था को व्यवस्थित करना अब सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनकर सामने आया है।

आरटीओ मृण्मय मजूमदार ने बताया कि बस रूट को लेकर उच्च नेतृत्व के साथ बैठक की जाएगी। इसके बाद रूट व्यवस्था को लेकर नए सिरे से निर्णय लिया जाएगा। साथ ही टोटो के परिचालन और रूट को लेकर आगामी दिनों में नगर निगम के साथ भी बैठक की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य बस और टोटो दोनों के परिचालन को लेकर बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आम यात्रियों के लिए परिवहन व्यवस्था को अधिक सुचारू और व्यवस्थित बनाना है।

दो दिनों की हड़ताल के बाद बस परिसेवा सामान्य होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, मिनी बस मालिकों और चालकों की ओर से उठाए गए टोटो परिचालन से जुड़े मुद्दे का स्थायी समाधान आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों पर निर्भर करेगा।