दो नवजात ऑक्सीजन सपोर्ट पर, हालत नाजुक
शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा आग का प्रारंभिक कारण
गिरिडीह, 12 सितंबर। जिले के चैताडीह स्थित मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य केंद्र के विशेष नवजात शिशु देखभाल केंद्र (एसएनसीयू) में शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आग लगने और धुआं भरने से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। अस्पताल कर्मियों की तत्परता से एसएनसीयू में भर्ती सभी नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रह रहे दो नवजातों की स्थिति नाजुक बताई गई है, जबकि अन्य नवजात सुरक्षित हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद एसएनसीयू में भर्ती बच्चों के परिजन घबरा गए और कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में दहशत की स्थिति बनी रही। कर्मियों की सक्रियता से नवजातों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। उन्होंने कहा कि एसएनसीयू में भर्ती सभी नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से आग और धुएं से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद अस्पताल की बिजली व्यवस्था और शॉर्ट सर्किट के कारणों की भी जांच की जा रही है।
