खूंटी , 11 सितंबर । जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के आरोपों और छात्रों पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को खूंटी में रैली निकाली और उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू के नेतृत्व में कचहरी मैदान से कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता समाहरणालय पहुंचे, जहां धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताया। धरने के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सीट चोर गद्दी छोड़, नौकरी चोर गद्दी छोड़, सीट बेचना बंद करो, हेमंत सोरेन मुर्दाबाद के नारे लगाए। मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता सीधे तौर पर मेहनत कर रहे युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू ने हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिन-रात मेहनत कर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि योग्य युवाओं को उनका अधिकार मिल सके।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड के बच्चों की नौकरियां दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान हर वर्ष पांच लाख युवाओं को रोजगार देने और रोजगार नहीं मिलने पर बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार इन वादों को पूरा नहीं कर सकी।
उन्होंने स्थानीय भाषाओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि नागपुरी भाषा की परीक्षा में ऐसे बाहरी अभ्यर्थियों के पास होने की शिकायत सामने आ रही है, जिन्हें नागपुरी भाषा की बुनियादी जानकारी तक नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के अधिकार और भविष्य की रक्षा के लिए भाजपा लगातार आवाज उठाती रहेगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने कथित प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 122 प्रश्न पहले से लीक होने की बात सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्र झारखंड में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, तो परीक्षा के प्रश्न कथित रूप से नेपाल और उत्तर प्रदेश में पहले से कैसे पहुंच गए।
नीलकंठ सिंह मुंडा ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को जांच सौंपी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक मामले की सीबीआई जांच नहीं होती, भाजपा चुप नहीं बैठेगी। पार्टी सड़क से सदन तक छात्रों के हक और न्याय की लड़ाई लड़ेगी।
पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि अपने अधिकार और परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से छात्रों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से हजारों युवाओं की मेहनत प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में दोषियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष आनंद कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया।
कार्यक्रम में भाजपा के मुख्य सचेतक और हटिया विधायक नवीन जायसवाल, जिला प्रभारी सुनीता सिंह, प्रदेश पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, संतोष जायसवाल, विजय राम गंझू, प्रसुन्न मांझी, प्रियांक भगत, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टुटी, वार्ड पार्षद जुही प्रियंका टोपनो, रूपेश जायसवाल, निखिल कंडुलना, ओपी कश्यप सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
