गिरिडीह, 9 सितंबर। नगर थाने में पुलिस द्वारा एक युवक की पिटाई किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को लाइन क्लोज कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि 7 तारीख की रात नगर थाना में युवक के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी।
इसी क्रम में एसपी डॉ. विमल कुमार ने नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज करने का आदेश दिया है। हालांकि, पूरे मामले में वास्तविकता क्या है और वायरल वीडियो में दिख रहा युवक कौन है, इसे लेकर जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
