मेदिनीपुर, 05 सितंबर । पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा थाना क्षेत्र के श्यामपुरा में शुक्रवार रात हुए मोटरसाइकिल हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात तीन युवक एक मोटरसाइकिल से बेलदा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर श्यामपुरा के पास मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक लोहे के ढांचे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार 26 वर्षीय सुब्रत दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद बेलदा थाना पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सुब्रत दास का शव बरामद किया तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को भी अपने कब्जे में ले लिया है।