कोलकाता, 2 सितंबर । दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को जब्त की गई करीब दो लाख प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलों को रोड रोलर चलाकर नष्ट किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और बालुरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार भी उनके साथ रोड रोलर पर मौजूद रहे।
दोपहर करीब तीन बजे बालुरघाट पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने जब्त कफ सिरप की बोतलों को कतार में रखा गया था। शुभेंदु अधिकारी और सुकांत मजूमदार हेलमेट पहनकर रोड रोलर पर सवार हुए। मुख्यमंत्री ने बोतलों के एक हिस्से के ऊपर से रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट किया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय भी मौके पर मौजूद थे।
इस मौके पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नशामुक्त भारत’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “युवाओं को नशे से बाहर निकालना होगा।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले चार महीनों में सीमा सुरक्षा बल और पुलिस के संयुक्त अभियान में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित कफ सिरप को प्रतीकात्मक रूप से नष्ट किया गया है और पश्चिम बंगाल को भी नशामुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब्त कफ सिरप को बांग्लादेश भेजने की तैयारी थी। उन्होंने नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी का यह पहला बालुरघाट दौरा है। जिले में उनके कई प्रशासनिक कार्यक्रम निर्धारित हैं। नशाविरोधी कार्यक्रम के बाद उनके बालुरघाट हवाई अड्डे का निरीक्षण करने की भी योजना है।
