कोलकाता, 02 सितंबर । पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के जोटकमल इलाके में कार्रवाई करते हुए करीब एक किलो हेरोइन बरामद की और एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साधना हलदर और तैयबुर रहमान के रूप में हुई है। दोनों मुर्शिदाबाद के लालगोला इलाके के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान दोनों के कब्जे से मादक पदार्थ बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपितों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने दोनों की हिरासत मांगने की तैयारी की है, ताकि पूछताछ के जरिए हेरोइन के स्रोत और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस विशेष रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तस्करी गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि, जुलाई में कोलकाता पुलिस ने करया इलाके में 104 ग्राम कोकीन बरामद कर तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया था। इसी महीने बैंकॉक की रहने वाली दो महिलाओं को भी भवानीपुर इलाके से कथित तौर पर प्रतिबंधित मादक पदार्थ ‘एक्स्टसी’ के साथ गिरफ्तार किया था।-
