नई दिल्ली, 27 अगस्त । विवेकानंद शिला स्मारक एवं विवेकानंद केंद्र के अध्यक्ष ए. बालकृष्णन के निधन पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई मंत्रियों ने शोक व्यक्त किया।

नड्डा ने एक्स पर पोस्ट में बालकृष्णन के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि उन्होंने स्वामी विवेकानंद के महान विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत में शिक्षा, सेवा और भारतीयता के भाव को व्यापक बनाने में उनके योगदान को नड्डा ने प्रणम्य बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और विवेकानंद केंद्र परिवार एवं उनके प्रशंसकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि एक समर्पित जीवनव्रती और विवेकानंद केंद्र के अखिल भारतीय अध्यक्ष के रूप में ए. बालकृष्णन ने अपना जीवन स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आगे बढ़ाने और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित कर दिया। शिक्षा और राष्ट्र निर्माण, विशेषकर पूर्वोत्तर भारत में उनके अमूल्य योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बालकृष्णन के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन का ध्येय बनाकर राष्ट्रसेवा में समर्पित बालकृष्णन का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। रेखा गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक राष्ट्रकार्य, समाज जागरण, शिक्षा और संगठन निर्माण में अपना जीवन लगाया। विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत में उनका योगदान राष्ट्रसेवा की प्रेरक परंपरा के रूप में सदैव स्मरण किया जाएगा।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा शिक्षा, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में बालकृष्णन का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और विवेकानंद केंद्र परिवार व शुभचिंतकों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बालकृष्णन को निष्काम कर्मयोगी बताते हुए कहा कि उन्होंने पूर्वोत्तर भारत में शिक्षा, सेवा और भारतीयता के भाव को मजबूत करने के साथ पूज्य एकनाथ के विचारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।