पूर्वी सिंहभूम, 25 अगस्त । एनएच-33 पर गोलीबारी में जान गंवाने वाले कदमा के विजया हेरिटेज निवासी कारोबारी निखार सबलोक की मंगलवार को अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम विदाई के दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों की आंखें नम थीं। बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए और दिवंगत निखार सबलोक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
निखार सबलोक की हत्या की खबर से शहर में शोक के साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। अंतिम यात्रा के दौरान परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल देने का प्रयास किया।
इधर हत्याकांड को लेकर पुलिस की जांच लगातार जारी है। पुलिस वारदात के पीछे की वजह के साथ हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान पुलिस को शूटरों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात सामने आ रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने बहरागोड़ा क्षेत्र से दो संदिग्ध शूटरों को पकड़ लिया है। दोनों के झारखंड से निकलकर पश्चिम बंगाल भागने की कोशिश करने की सूचना है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक दोनों की गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस पूरे मामले में पूछताछ और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
निखार सबलोक की हत्या के बाद पुलिस पर हत्यारों तक पहुंचने और पूरे मामले का जल्द खुलासा करने का दबाव भी बढ़ गया है। पुलिस हत्या की कड़ी जोड़ने के साथ वारदात में शामिल सभी आरोपिताें तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
