कोलकाता, 24 अगस्त । राजस्थान के रावतभाटा परमाणु विद्युत केंद्र में ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मृत सीआइएसएफ जवान प्रमीर सरकार (25) का पार्थिव शरीर सोमवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। माथाभांगा-2 ब्लॉक के लतापाता ग्राम पंचायत के पुटिमारी संलग्न साउदेरबस गांव में पार्थिव शरीर पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बेटे का शव देखते ही पिता परिमल सरकार और मां फूट-फूटकर रो पड़े। प्रमीर को अंतिम बार देखने के लिए घर के सामने रिश्तेदारों, पड़ोसियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस दिन लतापाता ग्राम पंचायत के कुशियारबाड़ी बाजार से राष्ट्रीय ध्वज के साथ बाइक रैली निकालकर प्रमीर का पार्थिव शरीर उनके घर लाया गया। तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही माहौल बेहद भावुक हो गया। अंतिम विदाई और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे।
प्रमीर की अंतिम यात्रा में इलाके के जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। लतापाता ग्राम पंचायत के प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उनके घर पहुंचकर अंतिम श्रद्धांजलि दी। माथाभांगा के पूर्व विधायक सुशील बर्मन भी मौजूद रहे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
प्रमीर के चाचा ज्योतिन सरकार ने बताया कि करीब एक महीने पहले प्रमीर घर आया था। कुछ दिन परिवार के साथ बिताने के बाद वह दोबारा राजस्थान लौटकर ड्यूटी पर चला गया था। शनिवार को परिवार को खबर मिली कि प्रमीर की तबीयत खराब हो गई है। इसके बाद उनके भाई विवेक सरकार और पिता राजस्थान के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली।
परिवार के अनुसार, प्रमीर ने वर्ष 2025 के बैच में सीआइएसएफ में भर्ती होकर देश सेवा शुरू की थी। करीब छह महीने पहले उसकी पोस्टिंग रावतभाटा में हुई थी। एक महीने पहले वह छुट्टी पर घर आया था और परिवार के साथ कुछ दिन बिताने के बाद वापस ड्यूटी पर लौट गया था। इसके बाद परिवार को उसकी मौत की खबर मिली।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के रावतभाटा परमाणु विद्युत केंद्र में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान उसकी सर्विस राइफल से गोली चल गई। गोली उसके सीने में लगी। उसे राजस्थान एटॉमिक पावर स्टेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोली किस परिस्थिति में चली, इसे लेकर जांच की जा रही है।
प्रमीर की मौत पर माथाभांगा के पूर्व विधायक सुशील बर्मन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सेवा करते हुए प्रमीर की मौत हुई है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि माता-पिता का बेटा अब कभी वापस नहीं आएगा और इस अपूरणीय क्षति को किसी भी तरह पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन भी दिया।
प्रमीर की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
