कोलकाता, 23 अगस्त । पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर भाजपा के ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने सरकार के कामकाज का ब्यौरा साझा किया है। उन्होंने रविवार सुबह समाज माध्यम पर वीडियो साझा कर सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि इन 100 दिनों में पंचायत, आवास, रोजगार, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।
घोष के अनुसार, अधूरे पड़े 18 लाख आवासों में से दूसरे चरण में 10 लाख 20 हजार लाभार्थियों के खातों में 60 हजार रुपये की राशि भेजी गई है। वहीं, ‘आवास प्लस’ सर्वेक्षण के तहत 38 लाख से अधिक घरों का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाकर आम लोगों तक काम और आय पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आवास योजना के प्रत्येक घर के साथ 90 श्रम दिवस का काम जोड़ने की पहल की गई है। इससे संबंधित परिवारों को अतिरिक्त 27 हजार रुपये तक की आय हो सकती है।
दिलीप घोष ने बताया कि पंचायत एवं ग्राम विकास तथा वन विभाग के सहयोग से 40 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। गांवों में शौचालय निर्माण के कार्य को भी गति दी जा रही है।
इसके अलावा अनुपयोगी भवनों, शेड, गोदाम और दुकानों का जीर्णोद्धार कर उन्हें दोबारा किराये पर देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। नए बाजार परिसरों में दुकानों के आवंटन का काम भी पूरा किया गया है।
घोष ने कहा कि सरकार के 100 दिन केवल समय की गणना नहीं हैं, बल्कि काम की गति और पश्चिम बंगाल को बदलाव की दिशा में आगे ले जाने की शुरुआत हैं।
