
कोलकाता, 20 अगस्त । न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल ‘शिखा इन’ में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लालबाजार के खुफिया विभाग ने बुधवार देर रात होटल के लीज होल्डर अबू जफर को गिरफ्तार किया। उसे एंटाली मेन मार्केट इलाके से पकड़ा गया। इसके अलावा पुलिस ने पूछताछ के लिए होटल के मैनेजर और एक कर्मचारी को हिरासत में लिया है। पुलिस होटल के मालिक बताए जा रहे बीरेश्वर मित्र की तलाश कर रही है।
मंगलवार रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच छह मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित होटल ‘शिखा इन’ में आग लगी थी। घटनास्थल दमकल के मुख्यालय से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर है। करीब 1100 वर्ग फुट के इस हिस्से में बेहद छोटे कमरे और संकरे शौचालय थे। आने-जाने के लिए पर्याप्त रास्ता नहीं था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि होटल में आपातकालीन निकास द्वार भी नहीं था। पूरी मंजिल पर आने-जाने के लिए केवल एक बेहद संकरी सीढ़ी थी।
इस अग्निकांड में एक बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पांच बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्य भी हादसे का शिकार हुए। इनमें कुछ लोग अपने देश लौटने से पहले कोलकाता में ठहरे थे, जबकि कुछ इलाज के सिलसिले में शहर आए थे। एक व्यक्ति होटल में काम करता था।
पुलिस की प्राथमिक जांच में होटल में अग्निशमन की बुनियादी व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई है। कई कमरों में पर्याप्त रोशनी और हवा की व्यवस्था भी नहीं थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात तक होटल प्रबंधन अग्निशमन अनुमति और व्यापार लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका था। घटना के बाद प्रशासन ने इस बहुमंजिला इमारत में संचालित सभी होटल और रेस्तरां बंद करा दिए हैं।
घटना के बाद होटल मालिक बीरेश्वर मित्र की भूमिका भी जांच के घेरे में है। सामने स्थित एक अन्य होटल के कर्मचारी इंद्रदेव हलदर के अनुसार, मंगलवार रात करीब सवा दो बजे उन्होंने सबसे पहले ‘शिखा इन’ से धुआं और आग निकलते देखा। उन्होंने तत्काल बीरेश्वर मित्र को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में उनका मोबाइल भी बंद हो गया।
पुलिस ने बीरेश्वर की तलाश में बेहाला स्थित उनके घर पर भी जांच की, लेकिन उनका पता नहीं चला। उनकी पत्नी लिपि मित्र ने पुलिस को बताया कि आग लगने की खबर मिलने के बाद बीरेश्वर बुधवार सुबह यह कहकर घर से निकले थे कि वह होटल जा रहे हैं। इसके बाद से उन्हें लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है। बीरेश्वर के कोलकाता में दो और दीघा में दो होटल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


















