sevak

सिलीगुड़ी, 14 अगस्त । सेवक में ऐतिहासिक कोरोनेशन ब्रिज के विकल्प के रूप में प्रस्तावित नए पुल के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। तीस्ता नदी पर अतिरिक्त मेजर ब्रिज और उसके एप्रोच रोड के निर्माण के लिए नया टेंडर जारी किया गया है। यह परियोजना पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में एनएच-10 (पुराना एनएच-31) के करीब 591.310 किलोमीटर से शुरू होगी।

यह जानकारी दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कोरोनेशन ब्रिज के विकल्प के रूप में प्रस्तावित परियोजना को अब पहले निर्धारित चार लेन के बजाय सिक्स लेन हाईवे के रूप में विकसित किया जाएगा।

मार्च 2026 में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की वित्त संबंधी स्थायी समिति ने परियोजना के रणनीतिक महत्व और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए इसे सिक्स लेन कॉन्फिगरेशन में विकसित करने की सिफारिश की थी। क्षेत्र के लोगों के लिए कोरोनेशन ब्रिज के विकल्प के रूप में नए पुल का निर्माण लंबे समय से प्रमुख मांग रहा है। नए टेंडर के जारी होने के बाद अब इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

इस अवसर पर क्षेत्र के सांसद राजू बिष्ट ने दार्जिलिंग की पहाड़ियों, तराई और डुआर्स क्षेत्र के लोगों की ओर से केंद्र सरकार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा एनएचएआई के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सड़क बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता देने के लिए सरकार का यह महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों के धैर्य, विश्वास और लगातार समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की उम्मीदों एवं आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नए सिक्स लेन पुल के निर्माण से सेवक और तीस्ता क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ दार्जिलिंग, तराई और डुआर्स के बीच कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।