onkar

बीरभूम, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व बीरभूम जिला पुलिस ने रामपुरहाट अनुमंडल के दो अलग-अलग स्थानों पर गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर पुलिस ने बड़ी मात्रा में बम और विस्फोटक बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली कार्रवाई मल्लारपुर थाना क्षेत्र के कोट गांव में की गई। गुरुवार रात गुप्त सूचना के आधार पर मल्लारपुर थाने की पुलिस ने गांव निवासी जहीरुद्दीन काजी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान मिट्टी के एक कमरे से बम से भरी चार बोरियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया। बरामद बमों को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई रामपुरहाट थाना क्षेत्र में की गई। एक घर में तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 38 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें बरामद कीं। मामले में संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बरामद विस्फोटक सामग्री को किस उद्देश्य से जमा किया गया था, इसकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विस्फोटक सामग्री रखने के पीछे किसी बड़े गिरोह या अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।

—————