obc

कोलकाता, 12 अगस्त ।माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर वर्ष 2025 की शिक्षक भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण कितना होगा, इसको लेकर स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) कानूनी सलाह लेगा। इस नीति पर निर्णय होने तक नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया सोमवार को ही पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्थगित कर दी है।

एसएससी के अध्यक्ष दुष्मंत नारियाला ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने के बाद किसी तरह की कानूनी जटिलता उत्पन्न न हो और पारदर्शी तथा शीघ्र नियुक्ति पूरी की जा सके, इसी उद्देश्य से पहले ही अधिवक्ताओं से कानूनी सलाह मांगी गई है।

उच्च माध्यमिक स्तर पर 365 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। 12, 13 और 17 अगस्त को पुलिस सत्यापन के बाद इसकी रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को जमा की जानी थी। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उन्हें नियुक्ति पत्र दिया जाना था। फिलहाल यह प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है।

इसके अलावा 14 अगस्त से उच्च माध्यमिक स्तर के शेष 15 हजार अभ्यर्थियों की काउंसलिंग शुरू होनी थी। ओबीसी आरक्षण को लेकर उत्पन्न स्थिति के कारण यह प्रक्रिया भी रुकने की संभावना है। इस संबंध में एसएससी जल्द ही विज्ञप्ति जारी करेगा।

इधर, उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद वर्ष 2016 की भर्ती में नौकरी गंवाने वाले ‘योग्य’ अभ्यर्थियों ने वर्ष 2025 की शिक्षक भर्ती परीक्षा में हिस्सा लिया है। इन अभ्यर्थियों की नौकरी की अवधि 31 अगस्त को समाप्त होने वाली है। लेकिन ओबीसी आरक्षण को लेकर उत्पन्न जटिलता के कारण 31 अगस्त तक पूरी भर्ती प्रक्रिया पूरी करना संभव नहीं माना जा रहा है।

ऐसे में ‘योग्य’ अभ्यर्थियों की नौकरी की अवधि बढ़ाने के लिए एसएससी उच्चतम न्यायालय में आवेदन करेगा। अध्यक्ष दुष्मंत नारियाला ने कहा कि कितने समय की अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया जाएगा, इस संबंध में अधिवक्ताओं के साथ चर्चा की जाएगी।

नवम और दशम कक्षा के स्तर पर कुल 39 हजार 218 अभ्यर्थियों में से 15 हजार अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा हो चुका है। इस मामले में भी ओबीसी आरक्षण की नीति अंतिम रूप से तय होने के बाद शेष प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इस बीच स्कूल शिक्षा विभाग ने आयोग में चार नए सदस्यों को शामिल करने के लिए मंगलवार को विज्ञप्ति जारी की है। एसएससी अध्यक्ष ने यह भी बताया कि विद्यालयों में समूह ‘ग’ और समूह ‘घ’ कर्मचारियों की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का परिणाम दुर्गापूजा से पहले जारी किया जा सकता है।