शव बरामद

पलामू, 10 अगस्त । पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र की बगैया पंचायत के चौड़ार गांव में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना से मातम पसर गया। पंचायत भवन के समीप स्थित तालाब से दो सगे भाइयों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान उमाशंकर राम के पुत्र आयुष कुमार (12) और पीयूष कुमार (10) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाला गया। एक साथ दो मासूम भाइयों के शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

मृतक बच्चों के चाचा रामशंकर ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य खेत में काम करने गए थे। शाम करीब छह बजे जब वे घर लौटे तो दोनों बच्चे वहां नहीं मिले। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चों की तलाश शुरू की गई। करीब तीन घंटे की खोजबीन के बाद दोनों भाइयों के शव गांव के आहर से बरामद हुए।

रामशंकर ने बच्चों की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि दोनों बच्चों के शव तालाब में काफी कम पानी में मिले हैं। ऐसे में उनके डूबने से मौत होने की बात उन्हें संदिग्ध लग रही है।

रामशंकर ने बताया कि घटना से करीब 12 घंटे पहले खेत में सिंचाई को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उक्त व्यक्ति ने परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। इसी आधार पर परिजन घटना को संदिग्ध मान रहे हैं और जांच की मांग कर रहे हैं।

हालांकि, दोनों बच्चों की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बच्चों के आहर तक पहुंचने और उनकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।