सीमेंट लदे ट्रक ने दो दुकानों को किया ध्वस्त

कोडरमा, 08 अगस्त । जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी के दिबौर में शनिवार की  सुबह सीमेंट लदे अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक अन्य ट्रक को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे स्थित दो दुकानों को ध्वस्त कर दिया। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पहचान 40 वर्षीय कन्हाई सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सीमेंट लदा ट्रक कोडरमा से बिहार की ओर जा रहा था। इसी दौरान दिबौर के समीप ढलान वाले स्थान पर पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया।

अनियंत्रित ट्रक ने पहले सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक को टक्कर मारी। इसके बाद सड़क किनारे स्थित दो दुकानों में जा घुसा, जिससे दोनों दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। बताया गया कि हादसे के समय कन्हाई सिंह दुकान के अंदर सो रहे थे।

दुकान की दीवार उनके पैर के ऊपर गिर गई, जिससे उनका पैर टूट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, ट्रक चालक मधुपुर निवासी सुखदेव महतो को भी हादसे में हल्की चोट लगी है। उसका भी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दुकान मालिक सीताराम राणा ने बताया कि ट्रक की टक्कर से उनकी तथा बगल में स्थित कारू साव की दुकान को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुकानों में रखा फ्रिज, काउंटर, रैक सहित खाद्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। सीताराम राणा के अनुसार उन्हें करीब तीन लाख रुपये, जबकि कारू साव को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दोनों दुकानदारों ने दुर्घटना में हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।