let

कोलकाता, 05 अगस्त। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में रजनीश सिंह ने आधिकारिक रूप से अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) का पदभार ग्रहण कर लिया है। इस संबंध में पूर्व रेलवे की ओर से बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।

भारतीय रेलवे सेवा (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) 2005 बैच के अधिकारी रजनीश सिंह प्रशासनिक और तकनीकी क्षेत्र का लंबा अनुभव रखते हैं। इससे पहले वह चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) में मुख्य विद्युत अभियंता (लोको) के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने रेल इंजन निर्माण और तकनीकी विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रेलवे के अनुसार, विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का उनका अनुभव और प्रशासनिक दक्षता सियालदह मंडल के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगी।

पदभार ग्रहण करने के बाद रजनीश सिंह ने मंडल की परिचालन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा और संरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सियालदह मंडल के रेल नेटवर्क को अधिक मजबूत, आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की है।