पूर्वी सिंहभूम, 04 अगस्त । जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप हुए चर्चित मोहम्मद आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. समद और कुलसुम बीबी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना से पहले रेकी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद की है। मामले के अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ललित कुमार मीणा ने बताया कि दोनों आरोपितों को कैरेज कॉलोनी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। कुलसुम बीबी मुख्य आरोपित शाहरुख की पत्नी है। पूछताछ के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार रात रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप मोहम्मद आफताब आलम पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता भेजा गया, जहां मंगलवार तड़के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बर्मामाइंस थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर उनके पर्यवेक्षण में तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर कैरेज कॉलोनी में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मो. समद का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2000 में पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के एक मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
उधर, आफताब आलम की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने बर्मामाइंस थाना के बाहर प्रदर्शन कर सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने घटनास्थल से 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया था। मृतक की पत्नी की शिकायत पर 11 नामजद समेत कई अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
