s

पश्चिमी सिंहभूम, 01 अगस्त । जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में युवक चरण सोय (26) की मौत हो गई। वह डिलियामार्चा बासाहातु गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात वह हाटगम्हरिया से अपने गांव बाइक से लौट रहा था। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकुरसाई बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े एक वाहन से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चरण सोय को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण रात करीब ढाई बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के सदस्य सदर अस्पताल पहुंचे, जहां युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और शनिवार को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सड़क किनारे खड़े वाहन की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।

परिजनों के अनुसार चरण सोय किसी जरूरी काम से शुक्रवार को हाटगम्हरिया गया था। देर रात गांव लौटने के दौरान सिकुरसाई बाईपास पर अंधेरा होने के कारण वह सड़क किनारे खड़े वाहन को समय पर नहीं देख सका, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।