पलामू, 01 अगस्त । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से राज्य के सभी जिलों में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई गडबडी काे लेकर शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया।
इसी क्रम में भाजयुमो, पलामू इकाई ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो पलामू जिला अध्यक्ष डॉ विपुल गुप्ता ने की और संचालन राजीव रंजन ने किया।
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि राज्य में पेपर लीक, परीक्षा माफियाओं की ओर से सीटों को बेचने जैसे मुद्दों को लेकर विगत 6-7 दिनों से पूरे झारखंड के छात्र रांची में आंदोलनरत हैं, लेकिन राज्य की भ्रष्ट हेमंत सरकार चुप्पी साधे हुए है। इसका मतलब है कि परीक्षा माफियाओं के साथ इनकी साठ गांठ है। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को उपायुक्त पलामू के माध्यम से ज्ञापन भेज कर मांग की कि 2019 के बाद के सभी जेपीएससी-जेएसएससी, सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराई जाए।
साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड में परीक्षा लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अभिलंब इस्तीफा दें। 14वीं जेपीएससी गड़बड़ी मामले में तत्कालीन अध्यक्ष एल ख्यांगते का इस्तीफा नाकाफी है, उन पर मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। जेपीएससी के तीनों सदस्यों की बर्खास्तगी और उनकी गिरफ्तारी भी तत्काल सुनिश्चित हो। उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा में मृत सभी छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड रुपए का मुआवजा मिले।
कार्यक्रम को नरेंद्र पांडे, दुर्गा जौहरी, विपुल कुमार गुप्ता, विश्वजीत पाठक, राजहंस अग्रवाल, शंभू पासवान, लवली गुप्ता सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में विजय ठाकुर, शिवकुमार मिश्रा, जितेंद्र तिवारी, विजय कुशवाहा, ज्योति पांडे, अभिमन्यु तिवारी, वेद प्रकाश शर्मा, ओमप्रकाश, पप्पू, सुधीर प्रसाद, मनोज विश्वकर्मा, राजकुमार मेहता, अर्जुन सिंह, सरवन गुप्ता, प्रियारंजन पाठक, वीरेंद्र प्रसाद, कमलेश कुमार गुप्ता, विजय शर्मा सहित सैकड़ाें नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
