छापेमारी

सरायकेला, 28 जुलाई। सरायकेला- खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ड्रग्स कारोबार से जुड़े आरोपितों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ सोमवार से शुरू विशेष अभियान मंगलवार को भी जारी रहा।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आदित्यपुर पुलिस ने दलबल के साथ राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।  अभियान के दौरान पुलिस ने ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली। पार्कों,  चौक- चौराहों और देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास बाइक पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों और लफंगों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्लिम बस्ती से भारी मात्रा में नगदी बरामद की है। बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है, क्योंकि नोटों की गिनती जारी है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ड्रग्स कारोबार से जुड़े लालटू नामक संदिग्ध की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि अभियान के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया गया है,  उससे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि बरामद नगदी और पूरे मामले का विस्तृत खुलासा नोटों की गिनती पूरी होने के बाद  किया जाएगा,

एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।