qer

उत्तर दिनाजपुर, 26 जुलाई । अंतिम संस्कार से लौटते समय नाव पलटने से एक व्यक्ति नदी में डूबकर लापता हो गया। रविवार दोपहर इस घटना से रायगंज शहर के पास बंदर श्मशान कॉलोनी इलाके में शोक का माहौल है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लापता व्यक्ति की पहचान नीलमणि राय के रूप में हुई है, जो सुभाषगंज के पास नसरतपुर कटाबाड़ी इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, दोपहर कुछ स्थानीय लोग बंदर श्मशान घाट पर एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय सभी लोग एक नाव में सवार होकर नदी पार कर रहे थे। लेकिन घाट से कुछ दूरी पर पहुंचते ही नाव अचानक असंतुलित होकर बीच नदी में पलट गई। नाव में सवार अन्य लोग किसी तरह तैरकर किनारे पहुंच गए, लेकिन नीलमणि राय नदी में डूब गए और लापता हो गए।घटना की सूचना पाकर रायगंज थाने की पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए नदी में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ मिलकर खोजबीन में जुटे हुए हैं। इस अचानक हुए हादसे से लापता व्यक्ति के परिवार में मातम छाया है। खबर लिखे जाने तक नीलमणि राय का कोई पता नहीं चल पाया था और तलाश जारी है।