cyber crime_558

गिरिडीह, 24 जुलाई। गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांडेय थाना क्षेत्र से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा साइबर डीएसपी आर.के. राणा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में किया।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के पुनईडीह गांव के पास स्थित एक क्षतिग्रस्त नर्सरी भवन में कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. कैफ अंसारी (21) और मो. इरशाद अंसारी (19) के रूप में हुई है। दोनों गांडेय थाना क्षेत्र के बक्सीगरजा गांव के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर खुद को आरटीओ  अधिकारी और डॉक्टर बताकर लोगों को फोन करते थे। वे चालान और डॉक्टर अपॉइंटमेंट बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।

पुलिस ने उनके पास से 6 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, एक आईपैड और दो मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 22/2026 दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।