कोलकाता, 22 जुलाई । परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण कई मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कुछ स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा बुधवार शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी गई।
रेलवे की पहली विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 68002 जलेश्वर-हावड़ा मेमू तथा ट्रेन संख्या 68007 हावड़ा-जलेश्वर मेमू 24 जुलाई 2026 से 26 जुलाई 2026 तक रद्द रहेंगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 68001 संतरागाछी-झाड़ग्राम मेमू तथा ट्रेन संख्या 68008 झाड़ग्राम-संतरागाछी मेमू 24 जुलाई 2026 को रद्द रहेंगी। रेलवे ने इन ट्रेनों के रद्द रहने का कारण परिचालन संबंधी बाधाओं को बताया है।
दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा जारी दूसरी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए कुछ स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि का विस्तार किया गया है।
इसके तहत ट्रेन संख्या 08045 शालीमार-चरलापल्ली स्पेशल का परिचालन सात अगस्त 2026 से 25 सितंबर 2026 तक तथा ट्रेन संख्या 08046 चरलापल्ली-शालीमार स्पेशल का परिचालन आठ अगस्त 2026 से 26 सितंबर 2026 तक बढ़ाया गया है।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 08047 संतरागाछी-नाहरलागुन स्पेशल का परिचालन सात अगस्त 2026 से चार सितंबर 2026 तक तथा ट्रेन संख्या 08048 नाहरलागुन-संतरागाछी स्पेशल का परिचालन आठ अगस्त 2026 से पांच सितंबर 2026 तक विस्तारित किया गया है।
