नई दिल्ली, 20 जुलाई । संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने नीट-यूजी पेपर लीक, अयोध्या के श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार हंगामा किया। शोर-शराबे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नीट-यूजी पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर एकत्र हुए छात्रों की आवाज दबाई जा रही है और उन पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने इस मामले पर सदन में चर्चा की मांग की। विपक्ष के हंगामे के बीच सभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
उधर, लोकसभा में भी विपक्षी सांसदों ने नीट-यूजी पेपर लीक, अयोध्या के श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी और अन्य मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कई सांसद पोस्टर और बैनर लेकर सदन में पहुंचे। लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही करीब 12 मिनट ही चल सकी, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी सुचारू रूप से नहीं चल सकी। दोनों सदनों की कार्यवाही अंततः दोपहर 12:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने सदन को बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने किसी भी स्थगन प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है। इसके बाद प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू हुई और सूचीबद्ध प्रश्नों के उत्तर संबंधित केंद्रीय मंत्रियों ने सदन के पटल पर रखे।
इस दौरान विपक्षी सदस्य लगातार नारेबाजी और हंगामा करते रहे। पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने कई बार विपक्षी सदस्यों से अपनी-अपनी सीटों पर बैठने और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नारेबाजी से सदन नहीं चलेगा और सभी सदस्यों को सदन की कार्यवाही में सहयोग करना चाहिए। इसके बावजूद हंगामा जारी रहने पर उन्होंने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
उधर, राज्यसभा में कार्यवाही शुरू होने पर सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्रवाई आगे बढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर उसे भी दोपहर 12:30 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान कुल 19 बैठकें प्रस्तावित हैं। सरकार इस सत्र में आयकर संशोधन विधेयक, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक और उच्चतम न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक सहित सात महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने की तैयारी में है।
