ओंकार

खूंटी , 17 जुलाई । तोरपा प्रखंड के हुसिर पंचायत अंतर्गत गोपाल कुसुम टोली गांव में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे तेज बारिश के दौरान हुए वज्रपात से चार बैलों की मौत हो गई। इस घटना में दो किसानों को लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने खेती-किसानी का संकट खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार किसान आमुस गुड़िया और अनसेलम गुड़िया खेत की जुताई करने के बाद अपने-अपने बैलों को घर के पास एक पेड़ के नीचे बांधकर रखे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हुई और वज्रपात होने से आमुस गुड़िया के दो तथा अनसेलम गुड़िया के दो बैलों की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि बैल किसानों के लिए खेती का प्रमुख साधन हैं। चारों बैलों की मौत से दोनों किसानों को करीब दो लाख रुपये की क्षति हुई है। खरीफ खेती के इस महत्वपूर्ण समय में बैलों के नहीं रहने से किसानों के सामने खेतों की जुताई और अन्य कृषि कार्यों को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

घटना की सूचना मिलने पर हुसिर पंचायत के मुखिया प्रदीप गुड़िया पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अंचलाधिकारी को घटना की जानकारी देकर पीड़ित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की। मुखिया ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर राहत राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि प्रभावित किसान दोबारा खेती का कार्य शुरू कर सकें।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से दोनों किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।