भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

चतरा, 17 जुलाई । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने चतरा के केशरी चौक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने का प्रयास किया। हालांकि सदर थाना पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप करते हुए पुतला दहन नहीं होने दिया। इस दौरान केसरी चौक पर कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

भाजयुमो के जिला अध्यक्ष सुमन सौरव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता केसरी चौक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जैसे ही पुतला दहन की तैयारी शुरू हुई। पहले से तैनात पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा।

प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष सुमन सौरव ने आरोप लगाया कि श्रीनिवास की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के दबाव में पुलिस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार का भी हनन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और श्रीनिवास की गिरफ्तारी भी उसी का हिस्सा है।

सुमन सौरव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस तरह की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने श्रीनिवास की अविलंब रिहाई की मांग करते हुए कहा कि जनता सरकार की नीतियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।