ARAM

आरामबाग, 15 जुलाई । जिले के बुधवार सुबह पंचायत समिति के अध्यक्ष शिशिर सरकार की गिरफ्तारी को लेकर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने भ्रष्टाचार, कथित उगाही और चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों में उन्हें उनके आवास से गिरफ्तार किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पुलिस शिशिर सरकार को घर से बाहर लेकर जा रही थी, तभी वहां मौजूद आक्रोशित लोगों ने “चोर-चोर” के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसी दौरान भीड़ के कुछ लोगों ने उनके ऊपर अंडे भी फेंके। हालांकि पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें वहां से ले गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिशिर सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, उगाही और चुनाव बाद हिंसा के कई मामलों में जांच चल रही थी। इसी जांच के आधार पर बुधवार सुबह उनकी गिरफ्तारी की गई। उन्हें बाद में अदालत में पेश किया जाएगा।

इस गिरफ्तारी के बाद आरामबाग क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि, शिशिर सरकार या उनके अधिवक्ता की ओर से खबर लिखे जाने तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

—————