ed

कोलकाता, 15 जुलाई । पश्चिम बंगाल की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक मदन मित्रा के एंटाली के विधायक संदीपन साहा के आवास पर पहुंचने से राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। मंगलवार रात मदन मित्रा ने संदीपन साहा के तालतला स्थित घर जाकर उनके पिता एवं एंटाली के पूर्व तृणमूल विधायक स्वर्णकमल साहा से करीब दो घंटे तक मुलाकात की।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मदन मित्रा की पत्नी और दोनों बेटों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। इसके बाद इस बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, मदन मित्रा की संदीपन साहा से मुलाकात नहीं हो सकी, हालांकि दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई है। संदीपन साहा ने कहा कि मदन मित्रा लंबे समय से संगठन के वरिष्ठ नेता रहे हैं और उन्होंने मिलने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि मुलाकात होने पर ही यह स्पष्ट होगा कि मदन मित्रा क्या कहना चाहते हैं और भविष्य में उनकी राजनीतिक दिशा क्या होगी।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि मदन मित्रा कथित “असल तृणमूल” खेमे के नेताओं के संपर्क में हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक मदन मित्रा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच बुधवार को फिर फोन पर बातचीत हो सकती है, जिसके बाद आगे की राजनीतिक स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है। फिलहाल इस मुलाकात ने राज्य की राजनीति में नई अटकलों को जन्म दे दिया है।