60 के होंगे निशुल्क ऑपरेशन
ओंकार समाचार
कोलकाता, 13 जुलाई। मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी, कोलकाता की ओर से रविवार, 12 जुलाई को तीन स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 810 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
एक शिविर उत्तर 24 परगना जिले के दत्तापुकुर स्थित कदमगाछी में फॉर गुड क्लब के सहयोग से आयोजित किया गया। एक शिविर साहू समाज के सहयोग से पूर्व पंचानन ग्राम में तथा एक अन्य शिविर मां शारदा फाउंडेशन के सहयोग से बागबाजार स्थित मायेर बाड़ी में संपन्न हुआ।
तीनों शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों को नेत्र जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त शर्करा की जांच तथा ईसीजी की सुविधा उपलब्ध कराई। शिविर में आए सभी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
नेत्र परीक्षण के दौरान 280 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, इन्हें चश्मे निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। 60 मरीजों में मोतियाबिंद ऑपरेशन की जरूरत चिन्हित की गई। मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल कोलकाता में निशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. एम. के. राय, डॉ. के. के. ठाकुर तथा डॉ. अनिर्बान धर का सराहनीय योगदान रहा। सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरे समर्पण के साथ मरीजों की जांच एवं उपचार संबंधी परामर्श प्रदान किया।
अजय दिवाकर ने बताया कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सोसाइटी का प्रमुख उद्देश्य है और भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
