anda

बीरभूम, 13 जुलाई। जिले के कंकालीतला ग्राम पंचायत के उपप्रधान एवं तृणमूल कांग्रेस नेता मामन शेख को शांतिनिकेतन थाने की पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को अदालत में पेशी के दौरान उनके ऊपर लोगों ने अंडे फेंके और कथित तौर पर मारपीट भी की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, अदालत ले जाते समय पहले पुलिस वाहन पर अंडे फेंके गए। इसके बाद अदालत परिसर में कुछ लोगों ने मामन शेख पर कच्चे अंडे फेंके। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ हाथापाई भी की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें अदालत के भीतर ले जाया गया।मामन शेख की गिरफ्तारी पर भाजपा नेता खोकन दास ने कहा कि वह कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और आम लोगों को भय के माहौल में रखते थे। उन्होंने कहा कि दोषियों को उचित सजा मिलेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, मामन शेख के खिलाफ चुनाव बाद की हिंसा, जमीन कब्जाने, मारपीट तथा दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में कई आरोप दर्ज हैं।

बीरभूम के पुलिस अधीक्षक विदित राज बुंदेश ने बताया कि दर्ज मामलों के आधार पर मामन शेख तथा सिउड़ी-दो ब्लॉक के तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष नुरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।