r

पश्चिम बर्दवान, 12 जुलाई । पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री तथा आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने रविवार को आसनसोल शहर को व्यवस्थित, सुंदर और जाममुक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया। उन्होंने आसनसोल बाजार, गिरजा मोड़ स्थित हॉकर्स मार्केट और आसपास के इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया तथा नगर निगम आयुक्त सुमन सौरभ मोहंती एवं अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या, हॉकर्स के पुनर्वास, फुटपाथ निर्माण और सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शहर में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए ठोस और दीर्घकालिक योजना बनाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से बस और ऑटो चालकों को निर्धारित स्टॉपेज से ही यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर सवारी बैठाने की प्रवृत्ति पर सख्ती से रोक लगाने को कहा, ताकि यातायात सुचारु रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

हॉकर्स के मुद्दे पर अग्निमित्रा पॉल ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य किसी की आजीविका छीनना नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित करना है। उन्होंने बताया कि वर्षों से व्यवसाय कर रहे पुराने हॉकर्स के पुनर्वास के लिए तीन स्थानों की पहचान की गई है और उनके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भी प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि 20, 30 या 50 वर्षों से कारोबार कर रहे पुराने हॉकर्स को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के नहीं हटाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बाजार के सामने और गलियों में बैठे अस्थायी हॉकर्स को छठ पूजा तक का समय दिया जाएगा, जबकि सड़क किनारे खतरनाक ढंग से दुकान लगाकर कारोबार करने वालों को 15 दिन का नोटिस दिया जाएगा। जिन व्यापारियों के पास पहले से स्थायी दुकानें हैं, उन्हें हटाने का कोई सवाल ही नहीं है।

मंत्री ने कहा कि आसनसोल को आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के लिए बाइपास से दामोदर नदी तक इलाकों के विकास तथा दामोदर रिवरफ्रंट परियोजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा शहर की प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ बनाए जाएंगे ताकि पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर चलने की मजबूरी न हो। हटन रोड से लेकर जिला अस्पताल इलाके तक फुटपाथ निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां सफाई, सौंदर्यीकरण और नई संरचनाओं के निर्माण की योजना भी चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।

राइफल क्लब में आयोजित एक सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आसनसोल के विकास, यातायात व्यवस्था में सुधार, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। आने वाले समय में इन परियोजनाओं का प्रभाव शहर की बदली हुई तस्वीर के रूप में दिखाई देगा।

इस बीच कांग्रेस नेता शाह आलम ने भी मंत्री की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यदि अग्निमित्रा पाील वास्तव में हॉकर्स को वैकल्पिक स्थान देकर शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने का काम करती हैं, तो कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए भी इस सकारात्मक पहल का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का दायित्व केवल विरोध करना नहीं, बल्कि जनहित के अच्छे कार्यों में सहयोग करना भी है। इसलिए कांग्रेस इस पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है और जनहित में किए जाने वाले कार्यों में सहयोग देने के लिए तैयार है।