दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

रामगढ़, 03 जुलाई । रामगढ़ शहर में शादी का झांसा देकर एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने, जबरन गर्भपात कराने तथा अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चतरा जिले से आरोपित विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पीड़िता ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया कि 28 दिसंबर 2022 को उसकी उम्र करीब 15 वर्ष थी। उसी दौरान बिजोलिया तालाब के पास रहने वाली उसकी एक सहेली ने उसकी पहचान चतरा जिले की रिया बस्ती फॉरेस्ट कॉलोनी के पीछे रहने वाले विवेक कुमार से कराई। उस समय विवेक रामगढ़ में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता था।

शिकायत के अनुसार, आरोपित ने शादी करने का भरोसा देकर पीड़िता का विश्वास जीता और शहर के टायर मोड़ स्थित मुर्रामकला के फुंटिनिया पार्क में घूमने के बहाने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपित ने उसका जबरन गर्भपात करा दिया। बाद में उसने शादी करने से भी इनकार कर दिया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपित ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए थे तथा उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि वर्तमान में पीड़िता की उम्र 19 वर्ष है। उसकी शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण, जबरन गर्भपात कराने, अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।