बीजिंग, 27 जून। चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार शाम एक हल्का स्पोर्ट्स विमान शहर की सबसे ऊंची इमारत सिटिक टॉवर से टकरा गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और इमारत को तत्काल खाली करा लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
तुर्किए की सरकारी समाचार संवाद अनाडाेलू
ने चीनी मीडिया साउथ चाईना मार्निंग पाेस्ट के हवाले से बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान को 528 मीटर (1,732 फुट)ऊंचे सिटिक टॉवर की ऊपरी मंजिलों से टकराते देखा जा सकता है। टक्कर के बाद विमान का मलबा सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) की सड़कों, फुटपाथों और आसपास के ग्रीन एरिया में बिखर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय इमारत में मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। एक महिला ने बताया कि वह अपना बैग और पहचान पत्र तक लिए बिना ही इमारत से बाहर भाग गई। वहीं, पास की इमारत में काम करने वाले एक व्यक्ति ने शाम करीब 5:40 बजे तेज धमाके जैसी आवाज सुनने की बात कही।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिए। मौके पर कई एम्बुलेंस भी पहुंचीं।
ऑनलाइन सामने आई तस्वीरों में विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर बी-12पीपी दिखाई दिया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ़्लाइटराडार24 के अनुसार, यह विमान शुआंगयुए जनरल एविएशन का सनवर्ड एसए60एल ऑरोरा मॉडल है। यह दो सीटों वाला, सिंगल-इंजन हल्का स्पोर्ट्स विमान है।
हालांकि, विमान कहां से उड़ान भरकर आया था और दुर्घटना कैसे हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। चीनी अधिकारियों ने भी घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना से जुड़ी कई पोस्ट चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दी गईं और कुछ यूजर्स उन्हें साझा भी नहीं कर पा रहे थे।
गौरतलब है कि, बीजिंग में किसी भी हल्के विमान की उड़ान के लिए चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन (सीएएसी)और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (पीएलएएएफ) दोनों की मंजूरी आवश्यक होती है। हाल ही में शहर में हवाई क्षेत्र को लेकर नियम और भी सख्त किए गए हैं, जिसके तहत निजी उड़ानों और ड्रोन संचालन पर कड़े प्रतिबंध लागू हैं।
सिटिक टॉवर, ‘चाइना इंटरनेशनल ट्रस्ट एंड इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन (सिटिक)’ का हेडक्वार्टर है, जो चीन की सबसे बड़ी सरकारी मल्टीनेशनल कंपनियों में से एक है। 2018 के आखिर में बनकर तैयार हुई यह इमारत बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत है। यह ‘चाइना वर्ल्ड ट्रेड सेंटर टॉवर III’ से लगभग 190 मीटर ऊंची है।
